गुरुवार देर रात VIP रोड पर रशियन युवती ने शराब के नशे में किया जमकर हंगामा, तेज रफ्तार कार से 3 बाइक सवारों को मारी टक्कर ।

feature-top

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में गुरुवार देर रात VIP रोड पर एक रशियन युवती ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। उसने तेज रफ्तार कार से 3 बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जब स्थानीय लोगों ने कार को रोका और पुलिस मौके पर पहुंची, तो युवती ने हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। जिस कार से हादसा हुआ, वह डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) के लोक अभियोजक भावेश आचार्य को अलॉट थी। वारदात के दौरान कार उनकी दोस्त नोदिरा (उज़्बेकिस्तान, ताशकंद की निवासी) चला रही थी। जानकारी के अनुसार, सरकारी वकील भावेश आचार्य और विदेशी युवती दोनों नशे में धुत थे। वे पब से निकलकर सिगरेट लेने जा रहे थे, तभी VIP रोड पर एक के बाद एक 3 बाइक को टक्कर मार दी ।

हादसे में घायल हुए तीनों युवक—नीलकमल साहू, ललित चंदेल और अरुण विश्वकर्मा—वीडियो शूटिंग से जुड़े काम करते हैं। टक्कर के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार को रोका, लेकिन युवती ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। उसने अपना फोन गुम होने की बात कहकर वहां मौजूद लोगों पर फोन चुराने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन नशे में होने के कारण वह लगातार बवाल मचाती रही। नोदिरा टूरिस्ट वीजा पर रायपुर आई हुई थी, लेकिन वह यहां कहां ठहरी हुई थी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है ।

तेलीबांधा थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ड्रिंक एंड ड्राइव की धारा भी जोड़ी जाएगी। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है ।

feature-top
feature-top

Popular News